जमशेदपुर : श्रीनाथ यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड आइटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी एवं नवाचार उत्सव ‘टेक रूट 4.0’ का गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में भव्य उदघाटन हुआ. 10 से 12 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में तकनीक, रचनात्मकता, नवाचार और छात्र प्रतिभा का प्रदर्शन किया जा रहा है. उदघाटन समारोह में सीएसआईआर-एनएमएल, जमशेदपुर के पूर्व मुख्य वैज्ञानिक एवं सलाहकार (प्रबंधन) डॉ. सौमित्र तारफदार बतौर विशेष अतिथि शामिल हुए. उन्होंने छात्रों को नवाचार, वैज्ञानिक सोच और तकनीकी उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने अपने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी प्रबंधन के लंबे अनुभव को छात्रों के साथ साझा करते हुए वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए तकनीक आधारित नए प्रयोगों पर जोर दिया. समारोह में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के चांसलर, कुलपति, डीन-एडमिनिस्ट्रेशन और रजिस्ट्रार सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी, शिक्षक, कार्यक्रम समन्वयक, छात्र और विभिन्न संस्थानों से आए अतिथि मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)
टेक रूट 4.0 की सबसे बड़ी खासियत इसकी व्यापक भागीदारी है. इस आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से 110 कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के 1700 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं. इससे यह आयोजन विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों के बीच संवाद, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, ज्ञान के आदान-प्रदान और नवाचार को बढ़ावा देने का बड़ा मंच बन गया है. टेक रूट 4.0 के तहत वर्किंग मॉडल, ब्रिज कृति, क्विज मेनिया, कोडिंग चैलेंज, कोड मिलिशिया, ई-गेम्स, लोगो डिजाइनिंग, फोटोग्राफी, डॉक्यूमेंट्री, रील्स मेकिंग, बुक रिव्यू, वेबसाइट डिजाइनिंग, पोस्टर प्रेजेंटेशन और ट्रेजर हंट सहित कई तकनीकी, रचनात्मक एवं मनोरंजन आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है. आयोजन में 1.50 लाख रुपये का भव्य पुरस्कार पूल रखा गया है. इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, गिफ्ट वाउचर, विजेता प्रमाणपत्र और प्रतिभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे. उदघाटन के बाद पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
अलग-अलग संस्थानों से पहुंचे प्रतिभागियों ने तकनीकी ज्ञान, रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और नए विचारों का प्रदर्शन किया. छात्रों की सक्रिय भागीदारी से विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा. श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड आईटी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन, विशेष अतिथि डॉ. सौमित्र तारफदार, भाग लेने वाले 110 कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों, 1700 से अधिक प्रतिभागियों, शिक्षकों, निर्णायकों, समन्वयकों, स्वयंसेवकों, प्रायोजकों और छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया. टेक रूट 4.0 का यह आयोजन 12 सितंबर तक चलता रहेगा. आने वाले दो दिनों में तकनीकी और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के साथ छात्रों को सीखने, नवाचार करने, आपसी सहयोग और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के और अवसर मिलेंगे.




