
जमशेदपुर : लॉकडाउन के कारण नाइयों की बुरी स्थिति हो चली है. हर दिन नाई अपनी मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं आज जमशेदपुर नई जागृति मंच के बैनर तले शहर के सैकड़ों नाई धरने पर बैठ गए. जहां उन्होंने सरकार से अपनी दुकानों को खोलने संबंधी आदेश जारी किए जाने की मांग की है. इस संबंध में मंच के सदस्यों ने बताया कि उनकी स्थिति लॉकडाउन के दौरान बदतर हो चली है. बावजूद इसके सरकार या स्थानीय जिला प्रशासन की ओर से उन्हें किसी तरह की कोई मदद नहीं की जा रही है. इन्होंने बताया कि अपनी समस्या को लेकर वे स्थानीय विधायक से भी फरियाद लगा चुके हैं.
उन्होंने बताया कि विधायक ने उन्हें आश्वासन जरूर दिया है, लेकिन अब तक कोई सहयोग राशि इन्हें उपलब्ध नहीं कराया गया है. संघ के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से 15 हजार रुपए आर्थिक सहयोग की मांग की है ताकि इनके परिवार का भरण पोषण चल सके. जो अब तक इन्हें नहीं दिया गया है. वैसे उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक झारखंड सरकार के मंत्री बन्ना गुप्ता ने इन्हें विधायक फंड से सहयोग दिए जाने का भरोसा दिलाया गया है, लेकिन अब तक मिला नहीं है. वहीं उन्होंने बताया कि जल्द ही इनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है तो इनकी स्थिति बदतर हो जाएगी. गौरतलब है कि लॉक डाउन से मिले छूट के तहत अभी नाई और पार्लर कारोबारियों को रियायत नहीं दी गई है.


















