
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के लिए इंजिन बनाने वाली कंपनी टाटा कमिंस के कर्मचारियों का बोनस समझौता देर रात को हो गया. इसके तहत इस साल कर्मचारियों को 8.33 प्रतिशत बोनस मिलेगा. मंगलवार की रात 12 बजे प्रबंधन और यूनियन के बीच बोनस समझौता पर हस्ताक्षर हुआ. समझौते के तहत कर्मचारियों को न्यूनतम 16,500 रुपया और अधिकतम 45,000 रुपये बोनस मिलेगा. साथ ही तीन साल में प्रमोशन पर मिलने वाला एक मुश्त 8 हजार रुपये की राशि जल्द ही कर्मचारियों को देने पर सहमति बनी. पिछले साल कर्मचारियों को 18.75 प्रतिशत बोनस के तहत अधिकतम 79,022 रुपये और न्यूनतम 24,800 रुपये बोनस मिला था. समझौता में अगले साल का फॉर्मूला भी तय हो गया जिसके तहत 2020-21 में एनुअल ऑपरेटिंग प्लान (एओपी) प्रोडक्शन पर 72 हजार 800, मुनाफा पर 65 करोड़ रुपया तय हुआ है. बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड मनीष झा और यूनियन की ओर से स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य एहसान अहमद सिराजी, मनोज सिंह, अविनाश अनुपम, चंद्रभूषण पांडेय, सुरेंद्र कुमार, धीरज कुमार सिंह, अंजय कुमार और कमेटी मेंबर रतन प्रमाणिक, अजीत कुमार सिंह ने बोनस समझौता पर हस्ताक्षर किया. जबकि नाराज कमेटी मेंबर दीपेंदु चक्रवर्ती, श्रीनिवास, आइ राममूर्ति राजू, सुधीर श्रीवास्तव, हरीश सुनानी, प्रत्युष विश्वास प्रकाश महतो नाराजगी जताते हुए बैठक से निकल गये. जबकि स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य रामाकांत करवा, कमेटी मेंबर टीके महंती बैठक में शामिल नहीं हुए थे. मंगलवार की रात 10 बजे यूनियन के सभी सदस्यों को कंपनी परिसर में बुला 8.33 प्रतिशत बोनस की जानकारी दी गयी. सूचना मिलते ही सभी कमेटी मेंबर बैठक से निकल गये.






