
रांची/चाईबासा : झारखंड के लगभग सभी जेल में डीजीपी एमवी राव और मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के आदेश पर ताबड़तोड़ छापामारी की गई. छापामारी के दौरान कई सारे जेल में कई आपत्तिजनक समान बरामद किए गए है. इधर पश्चिम सिंहभूम जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अरवा राज कमल एवं पुलिस अधीक्षक अजय लिण्डा के संयुक्त आदेशानुसार बुधवार को अहले सुबह सुबह चाईबासा सदर अनुमंडल दंडाधिकारी श्री बराईक एवं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पाण्डेय के नेतृत्व मे मंडल कारा चाईबासा के सभी बंदी वार्ड़ों की सघन तलाशी की गयी है. इसमे 12 पुरुष वार्ड, 01 महिला वार्ड, 03 क्वारंटाइन वार्ड की एक साथ अलग-अलग टीम बनाकर तलाशी की गयी है. तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री बरामद नही हुई है. ज्ञात हो कि चाईबासा मंडल कारा में कई नक्सली तथा बड़े अपराधी बंद है और इसी दुर्गा पूजा के पहले नक्सलियों द्वारा जेल ब्रेक की घटना का साजिश रची गई थी लेकिन चाईबासा पुलिस के दबाव के कारण नक्सलियों के मनसुबों पर पानी फिर गया था. इन्ही सभी मामलों को देखते हुए विशेष चौकसी बरती गई है.







