
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स की जमशेदपुर यूनिट में मंगलवार को एक दिन का ब्लॉक क्लोजर के बाद 2 अक्टूबर गांधी जयंती की छुट्टी है. कंपनी गुरुवार, 3 अक्टूबर को खुलेगी. वही चर्चा है कि 5 अक्टूबर, शनिवार एवं 7 अक्टूबर, सोमवार को 2 दिन का ब्लॉक क्लोजर कंपनी ले सकती है. इस संबंध में बुधवार को किसी समय अधिसूचना जारी की जा सकती है. 6 अक्टूबर, रविवार को सार्वजनिक अवकाश तथा 8 अक्टूबर को विजयादशमी की पेड होलीडे रहेगी यानी कुल मिलाकर कंपनी 4 दिनों तक लगातार बंद रहेगी. 9 अक्टूबर, बुधवार को कंपनी खुलेगी. इससे पहले 6 सितंबर, 14 व 18 सितंबर को कंपनी ब्लॉक क्लोजर में थी. कंपनी प्रबंधन द्वारा इस वित्तीय वर्ष में अब तक 26 ब्लॉक क्लोजर लिए जा चुके हैं जबकि आगामी 5 व 7 अक्टूबर को ब्लॉक क्लोजर के बाद इसकी संख्या 28 हो जाएगी. हाल ही में कंपनी प्रबंधन और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के बीच समझौता हुआ, जिसमें ब्लॉक क्लोजर के दिन को बढ़ाकर 39 दिन कर दिया गया था. ब्लॉक क्लोजर के दौरान कंपनी के सभी स्थाई समेत अन्य कर्मियों को नियमानुसार आधे दिन का वेतन दिया जाएगा. वैश्विक बाजार में ऑटोमोबाइल सेक्टर में छायी मंदी के कारण वाहनों की बिक्री में कमी आई है. ऑर्डर घटने का सीधा प्रभाव कंपनी के उत्पादन पर पड़ रहा है.
टाटा मोटर्स पीएफ ट्रस्ट की मीटिंग के लिए अध्यक्ष-महामंत्री हुए रवाना
टाटा मोटर्स पीएफ ट्रस्टी की मीटिंग में शामिल होने के लिए टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते व महामंत्री आरके सिंह बुधवार को रवाना हो गए. पीएफ ट्रस्टी की मीटिंग गुरुवार को कंपनी के मुख्यालय मुंबई में आयोजित है. मीटिंग में शामिल होने के पश्चात 4 अक्टूबर को वे जमशेदपुर लौट आएंगे. पीएफ ट्रस्टी की पिछली बैठक 24 सितंबर को हुई थी, जिसमें अध्यक्ष-महामंत्री शामिल हुए थे.
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन पदाधिकारियों ने गांधी व शास्त्री को किया नमन
टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में 2 अक्टूबर, बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150 वें वर्ष एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें याद किए गए. इन दोनों महापुरुषों के चित्रों पर यूनियन अध्यक्ष गुरमीत सिंह, महामंत्री आरके सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा, कोषाध्यक्ष एसएन सिंह, अजय भगत समेत तमाम ऑफिस बियरर व कमेटी मेंबरों ने बारी-बारी से श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया.



