
चाईबासा : बुधवार को झारखंड के पुलिस महानिदेशक कमल नयन चौबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल में संचालित नक्सल विरुद्ध अभियान से संबंधित गतिविधियों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन किया गया. उक्त बैठक में स्पेशल ब्रांच के एडीजी अजय कुमार सिंह, अभियान के एडीजी एमएल मीणा, सीआरपीएफ के आइजी संजय ए लाठकर, एसटीएफ के डीआइजी साकेत कुमार सिंह, रांची के डीआइजी एवी होमकर, सिंहभूम के डीआइजी कुलदीप द्विवेदी, खूंटी जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा सहित जिला पुलिस के वरीय पदाधिकारी एवं सीआरपीएफ के पदाधिकारी उपस्थित थे.
बैठक के उपरांत पुलिस महानिदेशक ने बताया कि सिंहभूम के तीनों जिलों में चलाए जा रहे नक्सल के विरूद्ध अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी थी. इस बैठक में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के सभी रणनीतियों पर चर्चा के साथ ही तमाम तथ्यों पर विश्लेषण किया गया है. इस क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों को रोकना हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है. इसी को ध्यान में रखते हुए आज तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक, रेंज डीआइजी एवं सीआरपीएफ के वरीय पदाधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति का आकलन किया गया है और बेहतर संघर्ष और मजबूत लड़ाई से संबंधित कार्य सूची एवं समय सीमा का निर्धारण किया गया है. इसके साथ ही अभी कितने अतिरिक्त बल की आवश्यकता है उसकी समीक्षा भी की गई है.



