
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स से बर्खास्त कर्मचारियों ने शुक्रवार को टाटा मोटर्स गेट पर प्रदर्शन किया. टेल्को वर्कर्स यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार, आकाश दुबे और केके शुक्ला के नेतृत्व में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ इन लोगों ने जमकर हंगामा किया और टाटा मोटर्स के कंपनी गेट पर धरना भी दिया. इस दौरान बर्खास्त कर्मचारियों को रोकने के लिए पुलिस बलों को तैनात किया गया था. सुरक्षाकर्मियों और पुलिस की ओर से उनको रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन रे लोग नहीं माने, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ. करीब एक घंटे हंगामा के बाद इन लोगों ने धरना दिया. वहां तैनात मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लिया और बर्खास्त कर्मचारियों को साजिश के तहत हटाने और उसको वापस लेने की मांग रखी. कंपनी प्रबंधन पर मजदूरों का शोषण करने का आरोप भी इन लोगों ने लगाया.
दूसरी ओर, टाटा मोटर्स कंपनी परिसर से कर्मचारियों को लाने और ले जाने के लिए मार्च 2020 से बंद बस सेवा को फिर से शुरू कर दिया गया है. शुक्रवार को कर्मचारियों को ए शिफ्ट, बी शिफ्ट और सी शिफ्ट के कर्मचारियों को लाने और ले जाने के लिए सेवा को शुरू किया गया है. गोविंदपुर से बस सेवाओं को शुरू किया गया है. कोरोना को देखते हुए इस बस सेवा को बंद कर दिया गया था. अब टेल्को क्षेत्र में बस सेवा को शुरू करने का डिमांड किया जा रहा है. इससे पहले अन्य क्षेत्रों की बस सेवाएं शुरू की गयी थी. टेल्को और गोविंदपुर की सेवा शुरू नहीं हुई थी. अब इसकी फिर से शुरुआत की गयी है. कंपनी प्रबंधन की ओर से गोविंदपुर इलाके में 8 बसों का परिचालन करने का आदेश दिया गया है. कर्मचारियों को अब तक अपनी गाड़ियों से ड्यूटी आना पड़ता है.




