जमशेदपुर : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट की अधिकृत यूनियन टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग सुबह 11 बजे यूनियन के गोपेश्वर हॉल में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने किया. बैठक में विषय प्रवेश महामंत्री आरके सिंह ने कराया. बैठक में मुख्य रूप से बोनस समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. कमेटी मीटिंग में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद , महामंत्री आरके सिंह के आलावे कार्यकारी अध्यक्ष अनिल शर्मा, संयुक्त महामंत्री अजय भगत , एच एस सैनी , एस एन सिंह समेत तमाम आफिस बेयरर , कमेटी मेंबर उपस्थित थे. बैठक में उपस्थित कमेटी मेंबर्स एवं यूनियन पदाधिकारियों ने अपने – अपने विचार व्यक्त किये.
बैठक को संबोधित करते हुए महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि आप सबों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन के साथ वार्तालाप जारी है. अप्रेंटिस में बहाली एवं सेवानिवृत्ति के हिसाब से स्थाईकरण हो इस सुझाव पर भी निश्चित रूप से ध्यान दिया जाएगा. मुझे खुशी है कि आप सब यूनियन की गरिमा बनाए रखने के लिए हमेशा सजग रहते हैं. ग्रेड और बोनस समय पर हो यह यूनियन की जिम्मेदारी है. परन्तु कभी – कभी वार्ता के दौरान मजदूरहित में सही समझौता नहीं होने की स्थिति में विलंब भी होता है. इसके लिए भी मानसिक रूप से आप सब तैयार रहें. उन्होंने कहा कि जो हमारे मजदूर भाई नौकरी के लिए प्रतीक्षारत है उनका नियोजन भी कैसे हो. इन तमामों बातों पर वार्तालाप हो रही है. उन्होंने कहा कि अन्य प्लांटों में बोनस पर वार्ता लगभग फाइनल हो गया.
आगे कहा कि वार्ता में प्रबंधन के तरफ से जो लोग बैठते हैं वो डाटा लेकर बैठते हैं. जब कोई बात रखा जाता है , प्रबंधन के लोग एक डाटा निकालकर सामने रख देते हैं. इस सबके बावजूद तमाम पहलुओं पर ध्यान रखते हुए जो उचित और अधिक से अधिक मजदूर हित में निर्णय होगा वही लेंगे ऐसा विश्वास दिलाते हैं. उन्होंने कहा कि अप्रेंटिस के माध्यम से नियोजन का जो रास्ता बनाया गया है वह बहुत अच्छा रास्ता है. उसमें और सुधार कैसे हो इस पर कोशिश जारी रहेगी. आज भी प्रबंधन के साथ वार्ता है. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा 22 सितंबर से शुरू हो रही है. बोनस समय से हो ऐसी कोशिश है , परंतु प्रबंधन हमारी बातों पर सहमति नहीं जताती है तो विलंब भी हो सकता है. इस बात को भी याद रखिए. बैठक में उपस्थित तमाम लोगों ने महामंत्री के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए उम्मीद जताया कि यूनियन के तरफ से महामंत्री प्रबंधन के साथ जो वार्ता करेंगे वह अवश्य मजदूरों के लिए हितकर होगा , ऐसा भरोसा है. बैठक को अनिल शर्मा, एच एस सैनी , अजय भगत , एस एन सिंह ने भी संबोधित किया. अंत में सामूहिक राष्ट्र गान से बैठक का समापन हुआ. बैठक का संचालन अशोक उपाध्याय ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन एस एन सिंह ने किया.











