
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों का वेतन समझौता (वेज रिवीजन) होने वाला है. यह संभव है कि बुधवार को कर्मचारियों का वेतन समझौता हो जाये. बुधवार को ही कमेटी मीटिंग भी बुलायी गयी है, जो 20 अप्रैल को यूनियन कार्यालय में होगी. यह संभव है कि मंगलवार को ही समझौता को लेकर लगभग प्रारुप तैयार कर लिया गया है और समझौता होते ही कमेटी मीटिंग में इसकी घोषणा कर दी जायेगी. कमेटी मीटिंग को लेकर कमेटी मेंबरों को ड्यूटी से रिलीज कर दिया गया है. यह लगभग तय हो गया है कि कर्मचारियों के वेतन में 11500 रुपये से लेकर 12500 रुपये तक की बढ़ोत्तरी होगी. अगर सारे भत्तो को मिलाया जायेगा तो यह वेतन 18490 रुपये तक की बढ़ोत्तरी तक पहुंच जायेगा. बाईसिक्स के कर्मचारियों के स्थायीकरण को लेकर भी फैसला लिया जा सकता है. इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है. कर्मचारियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है. बताया जाता है कि वेज रिवीजन समझौता को लेकर कई दौर की वार्ता हो चुकी है. इस वार्ता के बाद ही किसी तरह का कोई फैसला लिया जा सकता है. वेतन समझौता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गयी है. कमेटी मेंबरों को कहा गया है कि वे लोग मीटिंग में समय पर पहुंच जाये. सबकी निगाहें वेज रिवीजन समझौता पर ही टिकी हुई है.












