
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की बुधवार को वार्षिक आमसभा हुई। संविधान में दिए गए प्रावधानों के तहत प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी यूनियन का सफल संचालन सुनिश्चित करने के लिए यूनियन की आम सभा संपन्न हुई। सभा अध्यक्ष गुरमीत सिंह के द्वारा महामंत्री आरके सिंह से यूनियन की वार्षिक आम सभा 2021 के नियमित तय ऐजेंड को बारी-बारी से सभा पटल पर रख रखकर उपस्थित सदस्यों की सहमति प्राप्त करने का आग्रह किया गया। महामंत्री आरके सिंह ने विस्तार से एजेंडे के तहत एक-एक एजेंडे पर चर्चा करते हुए उपस्थित सदस्यों की सहमति प्राप्त की। यूनियन के निबंधित संविधान अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए एजेंडे के वर्क के तहत आमसभा संपन्न की गयी। आमसभा में प्रस्तुत एजेंडा के साथ ही साल भर का लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा गत वर्ष किए गए कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गयी। वहीं भविष्य में यूनियन द्वारा किए जाने वाले कार्यों समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गयी। सभा का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन अनिल शर्मा ने किया। विगत वर्ष देहांत हुए कर्मचारियों की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा गया।





