चांडिल: टाटा-रांची एनएच पर चांडिल गोलचक्कर के पास मंगलवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान साहेरबेड़ा निवासी निमाई महतो के रूप में हुई है. घायल नागेश्वर महतो का चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इलाज चल रहा है. जानकारी के अनुसार, निमाई महतो अपने भाई नागेश्वर के साथ बाइक से जमशेदपुर से साहेरबेड़ा स्थित अपने घर लौट रहे थे. दोनों करीब 30 किलोमीटर का सफर तय कर चुके थे. चांडिल गोलचक्कर के पास घर की ओर बाइक मोड़ने के दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल चांडिल सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने निमाई महतो को मृत घोषित कर दिया. नागेश्वर का इलाज जारी है. हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि दुर्घटनास्थल उनके घर से महज 300 मीटर की दूरी पर था. घर पहुंचने से कुछ कदम पहले ही निमाई महतो की जिंदगी खत्म हो गई. घटना की खबर मिलते ही साहेरबेड़ा गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने फरार अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश शुरू कर दी है.




