जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों को कैंटीन में अब ब्लैक कॉफी और ग्रीन टी भी परोसा जायेगा. 1.50 रुपये में ये सेवा कर्मचारियों को उपलब्ध होगा. इसके अलावा लिट्टी, ढोकला समेत कई सारे हेल्दी डाइट को मेनू में शामिल किया गया है. मंगलवार को टाटा स्टील की सेंट्रल कैंटीन मैनेजिंग कमिटी (सीसीएमसी) की एक बैठक वर्क्स जनरल ऑफिस में चीफ एचआरएम यशवंत पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक के दौरान कैंटीन कमिटी के सदस्यों की हेल्दी फूड की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार कर लिया गया. टाटा स्टील में हर वर्ग और हर आयु वर्ग के कर्मचारी कार्यरत हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए सभी एज ग्रुप के अनुसार मेनू में बदलाव की मांग को मानते हुए नए कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इसके तहत नए मेनू में ब्लैक कॉफी, ग्रीन टी, मिल्क कॉफी, झालमुड़ी, दाल पुरी, उबला चना, दलिया उपमा, ओट्स उपमा, मेदू बड़ा, सेवई उपमा, उबला शकरकंद, मूंग दाल चीला, पकोड़ा, ढोकला, पोहा, लिट्टी आदि को शामिल किया गया है. लंच में हाफ प्लेट, फुल प्लेट और एक्स्ट्रा प्लेट के तीन विकल्प होंगे, जिसमें पूरे वर्ष उबला अंडा उपलब्ध रहेगा. ट्रॉली में देरी से बचने के लिए रेल और रोड मूवमेंट के अनुसार जोन को विभाजित किया गया है. कैंटीन के नये समय भी तय किये गये है, जिसके तहत सभी कैंटीन में नाश्ता सुबह 08 बजे से 10 बजे तक मिलेगा जबकि सभी ट्रॉली प्वाइंट में सुबह का नाश्ता सुबह 08 बजे से 09:30 बजे तक मिलेगा. बैठक में कैंटीन कमेटी के चेयरमैन यशवंत पांडेय, वाइस चेयरमैन सह टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज, कैंटीन कमिटी के अन्य सदस्य पीके चौधरी, उमाशंकर पटनायक, हेड कैंटीन रिचा केडिया, सीनियर मैनेजर शौकत खान, टाटा वर्कर्स यूनियन के कमिटी मेंबर उदय कुमार, अरविंद यादव, विमल, शैलेंद्र राय, विजय कुमार सिंह, अमोलक सिंह, राजकुमार, सुमन कुमार, मनोज कुमार, विवेक कुमार, राकेश कुमार सिंह समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे.





