जमशेदपुर : कोल्हान पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआइजी) अनुरंजन किस्पोट्टा की उपस्थिति में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ ऐहतेशाम वकारिब तथा नगर और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक के दौरान गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुए बैंक लूटकांड की विस्तृत समीक्षा की गई. इस दौरान मामले में अब तक की गई पुलिस कार्रवाई, अनुसंधान की प्रगति और संभावित पहलुओं पर चर्चा की गई. अधिकारियों ने मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श करते हुए आगे की कार्रवाई को लेकर समीक्षा की. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर भी विशेष चर्चा हुई. डीआइजी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील स्थलों की निगरानी बढ़ाने, यातायात प्रबंधन सुचारू रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. बैठक में पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया.





