जमशेदपुर : जमशेदपुर के छात्रों को दी जानेवाली वीजी गोपाल स्कॉलरशिप की घोषणा हो गयी है. इसके लिए वीजी गोपाल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से नोटिस जारी किया गया है. इसके तहत अभ्यर्थियों से कुछ शर्तों के साथ आवेदन आमंत्रित किये गये हैं. इसके तहत 20 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दी जायेगी. यह स्कॉलरिशिप इंजीनियरिंग और मेडिकल के छात्रों को प्रति वर्ष 12 हजार रुपये, प्रोफेशनल कोर्स में पीजी करने वाले इंजीनियरिंग, मेडिसिन, कंप्यूटर साइंस, बिजनेस मैनेजमेंट, पर्सनल मैनेजमेंट, होटल मैनेजमेंट और एकाउंटेंसी के छात्रों को 9 हजार रुपये प्रति वर्ष, किसी भी ब्रांच में डिप्लोमा करने वाले छात्रों को 9 हजार रुपये प्रति वर्ष और 12वीं की शिक्षा पास होने वाले छात्र जिनके अभिभावक का निधन हो गया है, उन्हें 7,200 रुपये प्रति वर्ष मिलेंगे. इन कोर्सों में 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक की अवधि में एडमिशन लिए छात्र आवेदन कर सकेंगे. इसमें कुल 20 विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दी जायेगी. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, 5 छात्रवृत्ति विशेष रूप से महिलाओं को दी जायेगी. साथ ही वैसे विद्यार्थियों को ही यह छात्रवृत्ति दी जायेगी, जिनके अभिभावकों का वेतन प्रति माह 78,310 रुपये से कम होगा. स्वरोजगार वाले छात्रों को संतोषजनक आय प्रमाणपत्र वीजी गोपाल स्कॉलरशिप कमेटी के सचिव के पास जमा करना होगा. इसी के साथ आरडी टाटा टेक्नीकल इंस्टीट्यूट के प्रथम पांच रैंक के छात्रों को भी लाभ मिलेगा. वीजी गोपाल स्कॉलरशिप के लिए कर्मचारी अपने बच्चों के लिए 13 जून से 16 जुलाई तक अपना आवेदन डाउनलोड कर सकते हैं और 30 जुलाई तक इसको जमा कर सकते हैं. टाटा स्टील के जनरल ऑफिस बिल्डिंग के सीनियर मैनेजर (इंप्लाइमेंट ब्यूरो) कार्यालय से सुबह 9.30 बजे से दोपहर एक बजे तक और 2 बजे दोपहर से शाम 5.30 बजे तक फॉर्म मिलेगा और यहीं जमा भी किया जायेगा. फॉर्म ऑनलाइन भी डाउनलोड कर सकते हैं.




