जमशेदपुर : टाटा स्टील में चल रहे एथिक्स मंथ का समापन समारोह शनिवार को वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर आयोजित किया गया. इस साल का विषय था “रिस्पेक्टफुल वर्कप्लेस टुडे फॉर एन इंक्लूसिव टुमारो”. इस कार्यक्रम के साथ ही टाटा स्टील की एथिक्स के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित की गयी महीने भर चलने वाले समारोह का समापन हुआ. इस अवसर पर टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के साथ टाटा स्टील और इसकी समूह कंपनियों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. टीवी नरेंद्रन ने कहा कि टाटा स्टील एक ऐसे संगठन का निर्माण करना जारी रखता है जो भविष्य के लिए तैयार हो. ऐसे में हमारे लिए अपने मूल्यों और सिद्धांतों को लगातार सुदृढ़ करना अनिवार्य है. टाटा अचार संहिता हमारे संगठन की आधारशिला रही है जिसने हमें पिछले 115 वर्षों से कायम रखा है. इसने हमें एक ऐसी संस्कृति स्थापित करने में मदद की जो सहयोग, टीम वर्क, विश्वास और सभी के लिए सम्मान को बढ़ावा देती है. संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि समय के साथ कार्यस्थल की परिभाषा बदल रही है. ऐसे में हमें सम्मानजनक कार्यस्थल संस्कृति बनाना होगा, जहां हर कोई अपना सर्वश्रेष्ठ दे सके. उन्होंने कहा कि मतभेदों को स्वीकार करना चाहिए और विविध दृष्टिकोणों को स्थान देना चाहिए.
ये प्रतियोगिताएं हुईं आयोजित
इस वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताएं जैसे पोस्टर प्रतियोगिता, वीडियो रील प्रतियोगिता, नीतियों पर वीडियो निर्माण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं के अलावा कर्मचारियों के बीच नैतिकता के मूल्य को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम जैसे गोलमेज परिचर्चा, वेंडर पार्टनर्स के लिए बिज़नेस एसोसिएट मीट, डिस्ट्रीब्यूटर के लिए सामूहिक बैठकें और एक ऑनलाइन संगीत कार्यक्रम- सुरसंध्या का भी आयोजन किया गया. टाटा स्टील समूह की कंपनियों के बीच अंतर कंपनी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं के नाम की घोषणा की गई.






