जमशेदपुर : एथिक्स माह 2026 के उपलक्ष्य में टाटा स्टील ने जमशेदपुर के संपादकों एवं पत्रकारों के साथ “एक संहिता, एक प्रतिबद्धता: आचार संहिता से एकजुट” विषय पर एक मीडिया इंगेजमेंट सत्र आयोजित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन टाटा स्टील के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन विभाग द्वारा टाटा स्टील एथिक्स विभाग तथा टाटा स्टील यूआइएसएल के सहयोग से किया गया. हर वर्ष जुलाई माह में टाटा स्टील, जे.आर.डी. टाटा की जयंती के उपलक्ष्य में एथिक्स माह मनाती है. सत्यनिष्ठा और नैतिक व्यावसायिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आज भी संगठन के लिए प्रेरणास्रोत है. (नीचे भी पढ़ें)
इस वर्ष की थीम “एक संहिता, एक प्रतिबद्धता: आचार संहिता से एकजुट” एक समान आचार संहिता के महत्व को रेखांकित करती है, जो विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों और हितधारकों को नैतिकता, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के सर्वोच्च मानकों के पालन के लिए एकजुट करती है. टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी अतुल भटनागर ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि टाटा स्टील की चीफ एथिक्स काउंसलर सोनी सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. अपने संबोधन में अतुल भटनागर ने विश्वास और विश्वसनीयता के निर्माण में नैतिक आचरण तथा जिम्मेदार संवाद की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि मूल्यों पर आधारित कार्य संस्कृति ही हितधारकों के साथ मजबूत और दीर्घकालिक संबंध बनाए रखने का आधार है. सोनी सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि नैतिकता केवल अनुपालन का विषय नहीं, बल्कि एक साझा प्रतिबद्धता है, जो निर्णय लेने की प्रक्रिया का मार्गदर्शन करती है और संगठन की कार्य संस्कृति को सशक्त बनाती है. उन्होंने कहा कि आचार संहिता टाटा स्टील के पूरे इकोसिस्टम में जिम्मेदार आचरण के लिए एक समान आधार प्रदान करती है. सत्र की शुरुआत पत्रकारों के समक्ष आने वाली नैतिक दुविधाओं पर एक संवादात्मक चर्चा के साथ हुई. (नीचे भी पढ़ें)
मीडिया के लिए विशेष रूप से तैयार की गई एथिक्स क्विज़ के माध्यम से प्रतिभागियों की नैतिकता, समसामयिक विषयों और जिम्मेदार पत्रकारिता से जुड़ी समझ का आकलन किया गया. कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार जय प्रकाश राय ने कॉर्पोरेट रिपोर्टिंग में आने वाली नैतिक दुविधाओं पर एक विचारोत्तेजक सत्र भी प्रस्तुत किया.




