
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने 20-21 नवंबर को आयोजित 37वें इन्वेस्ट इंटरनेशनल वर्चुअल कॉन्फ्रेंस में वैल्यू इंजीनियरिंग के व्यवस्थित अनुप्रयोग के लिए पांच प्रतिष्ठित पुरस्कार जीते. इंडियन वैल्यू इंजीनियरिंग सोसाइटी (इनवेस्ट) ने टाटा स्टील को वैल्यू इंजीनियरिंग के व्यवस्थित अनुप्रयोग में उत्कृष्टता के लिए प्रतिष्ठित “हांडा गोल्डन की अवार्ड” से सम्मानित किया है. कंपनी को टाटा स्टील कलिंगानगर में ब्रिकेट प्लांट के प्लांट ले-आउट में सुधार के लिए भारत में बेस्ट वैल्यू इंजीनियरिंग केस स्टडी के लिए “मोहता अवार्ड” से सम्मानित किया गया. इसके अलावा, कंपनी को दो “कमेंडेशन अवार्ड्स”भी मिले. पहला “कमेंडेशन अवार्ड्स“ जमशेदपुर के कोल्ड रोलिंग मिल में प्रोग्रामेबल लॉजिक कंट्रोलर्स के अनुकूलन के मूल्य अध्ययन (वैल्यू स्टडी) के लिए मिला, जबकि दूसरा “कमेंडेशन अवार्ड्स“ ‘जोखिम’ का इस्तेमाल एक मूल्य तत्व (वैल्यू एलीमेंट) के रूप में व अपेक्षित मूल्य (एक्सपेक्टेड वैल्यू) का इस्तेमाल प्रोजेक्टों को लचीलापन देने हेतू मूल्य मापने (वैल्यू मेजरमेंट) की एक प्रणाली के रूप में करने के लिए मिला. कंपनी के सूर्य प्रकाश प्रभाकर को एक अन्य पुरस्कार ‘फेलोशिप ऑफ इनवेस्ट’ (फिनवेस्ट) प्रदान किया गया. यह पुरस्कार उनकी तकनीकी योग्यता, उत्कृष्ट उपलब्धि और भारत में मूल्य प्रबंधन को बढ़ावा देने में विशिष्ट योगदान के आधार पर दिया गया. पुरस्कारों की जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए वीपी टीक्यूएम एंड इंजीनियरिंग अवनीश गुप्ता ने कहा कि यह वास्तव में टाटा स्टील में हम सभी के लिए गर्व का क्षण है. हमारी गुणवत्ता यात्रा पिछले तीन दशकों से जारी है और हमने अपने डीएनए में निरंतर सुधार की संस्कृति को शामिल किया है. इस रास्ते में हमने कई ख्याति अर्जित की है। मुझे लगता है कि इस यात्रा से टाटा स्टील, उसके कर्मचारियों और उसके ग्राहकों को फायदा हुआ है और यह सम्मान गुणवत्ता पर हमारे प्रयासों का प्रमाण है. गौरतलब है कि टाटा स्टील नवंबर महीने को गुणवत्ता माह के रूप में मनाती है. गुणवत्ता माह 2021 का थीम “जेनक्यू : नेक्स्ट जेनरेशन ऑफ क्वालिटी“ है. लोगों, प्रक्रियाओं और प्रौद्योगिकी के बीच समग्र संतुलन बनाने के लिए यह विषय अगली पीढ़ी की गुणवत्ता पर केंद्रित है. टाटा स्टील लंबे समय से गुणवत्ता के प्रति जागरूक रही है और यह हर क्षेत्र में निरंतर सुधार और प्रदर्शन उत्कृष्टता की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित करती है. विभिन्न प्रणालियों और प्रक्रियाओं में उच्च गुणवत्ता वाले डिलिवरेबल्स को बनाए रखने के सिद्धांतों को सुदृढ़ करने के लिए हर साल पूरे नवंबर महीने में यह अभियान संचालित किया जाता है. इसका उद्देश्य निरंतर सुधार की आवश्यकता के लिए जागरूकता बढ़ाना और प्रदर्शन उत्कृष्टता के लिए व्यक्तिगत और टीम द्वारा दिये गये योगदान का जश्न मनाना है.





