
जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा है कि कोरोना वायरस के कारण टाटा स्टील के कारोबार पर जरूर असर पड़ेगा. श्री नरेंद्रन शनिवार को जमशेदपुर में टाटा वर्कर्स यूनियन के शताब्दी समारोह को संबोधित करने के बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत कर रहे थे. उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष के अंत में कारोबारी सुस्ती जरूर है, लेकिन हालात पर नजर रखा जा रहा है. जिस तरह से देश में काम हो रहे है, जिस तरह से आधारभूत संरचना का विकास करने के लिए जिस तरह से काम हो रहे है, वैसे में यह उम्मीद की जा रही है कि हालात और बेहतर होंगे. पहले से स्थितियां और ठीक होगी. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में चुनौतियां जरूर है, लेकिन इन चुनौतियों को जरूर पार कर लेंगे. उन्होंने बताया कि आने वाले भविष्य में भी टाटा वर्कर्स यूनियन कंपनी के साथ एक पार्टनर की भूमिका में काम करेंगे. इसको लेकर कई सारे बदलाव होते आये है और चूंकि टाटा वर्कर्स यूनियन के लोग चुने हुए प्रतिनिधि होते है, इस कारण उनके समक्ष भी चुनौतियां काफी ज्यादा है और आने वाले दिनों में यूनियन और मजबूत होगी, यह कंपनी भी चाहती है. उन्होंने रोजी-रोजगार के बारे में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि अब रोजगार की पद्धति बदलेगी. नौकरियों का स्वरुप जरूर बदलेगा. उन्होंने बताया कि जब वे टाटा सेंटर में होते थे तो 40 से 50 टाइपिस्ट होते थे, लेकिन अब हम लोग खुद टाइपिंग करते है. तकनीक के कारण बदलाव हो रहा है, लेकिन रोजगार मिलेगा, लेकिन रोजगार का स्वरुप जरूर बदला हुआ होगा.





