
जमशेदपुर : टाटा स्टील की माइनिंग कंपनी टाटा स्टील माइनिंग लिमिटेड को सीएसआर लीडरशिप अवार्ड से नवाजा गया है. भुवनेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भुवनेश्वर लीडरशिप अवार्ड के चतुर्थ संस्करण में यह अवार्ड भुवनेश्वर की मेयर सुलोचना दास और वर्ल्ड सीएसआर डे सह वर्ल्ड फस्ट सस्टेनेबिलिटी कांग्रेस के संस्थापक आरएल भाटिया के हाथों टाटा स्टील माइनिंग लिमिटेड के एजीएम सप्लाइ चेन अमित कुमार चौबे ने हासिल किया. भुवनेश्वर लीडरशिप अवार्ड एक ऐसा प्लेटफार्म है, जहां नेतृत्व क्षमता और कंपनी के कार्यों से होने वाले बदलावों पर विस्तार से चर्चा की जाती है, जिसमें योग्य व्यक्ति को सम्मानित किया जाता है. सामाजिक बदलावों के लिए किये गये कार्यों को भी इस प्लेटफार्म में सम्मानित किया जाता है. टाटा स्टील माइनिंग लिमिटेड के एमडी पंकज सतीजा ने इस अवार्ड पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए बताया कि टाटा स्टील माइनिंग की ओर से खनिज संपदा के संरक्षण में उठाये गये कदम और लगातार किये जा रहे मेहनत को समाज की ओर से यह सम्मान मिलना काफी गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि इससे स्थायी विकास और खोजपूर्ण बदलावों में किये जा रहे कार्यों को गति मिल सकेगी जबकि समेकित विकास की दिशा में कदम उठाया जा सकेगा. टाटा स्टील माइनिंग लिमिटेड शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान, खेलकूद, आजीविका समेत अन्य मुद्दों को लेकर लगातार काम कर रही है और उनके इस काम में टाटा स्टील फाउंडेशन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.




