
जमशेदपुर : टाटा स्टील के वीपी सेफ्टी संजीव पॉल ने बुधवार को टाटा स्टील में 49वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का उद्घाटन किया. श्री पॉल ने जमशेदपुर वर्क्स के एसएचसी एक्सीलेंस सेंटर में सुरक्षा ध्वज फहराकर सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया. भारत सरकार के श्रम मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में हर साल 4 मार्च को राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मनाया जाता है. इस वर्ष का अभियान विषय उन्नत प्रौद्योगिकियों के उपयोग द्वारा सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रदर्शन को बढ़ाना है. इस मौके पर सभी कर्मचारियों ने सुरक्षा का संकल्प लिया. चीफ सेफ्टी वीके निराला ने कार्यक्रम में सभी का स्वागत किया और सुरक्षा प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी तथा सप्ताह के दौरान नियोजित सुरक्षा कार्यक्रमों का संदर्भ प्रस्तुत किया.

सप्ताह के दौरान हैज़ार्ड हंट कम्पिटिशन जैसी कई गतिविाधियों का आयोजन किये जायेंगे, जिसमें कर्मचारियों को विभाग के सभी लोडिंग-अनलोडिंग प्वाइंट्स और भारी वाहनों के आवागमन क्षेत्र में संभावित घातक खतरों और स्थितियों की पहचान करना होता है. सामूहिक बैठकें, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और सुरक्षा क्विज़ इस अभियान का हिस्सा हैं. कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संजीव पॉल ने सभी कर्मचारियों को सचेत रहने की आवश्यकता पर जोर दिया. इसके अलावा, उन्होंने टाटा स्टील के वर्षों की सुरक्षा यात्रा का विस्तार से वर्णन किया. सुरक्षा के हित के लिए वीडियो एनालिटिक्स और सेफ्टी घड़ियों (स्मार्ट वेयरबल्स) जैसे जारी अच्छे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने सभी कर्मचारियों को यह पता लगाने की सलाह दी कि कैसे हम सुरक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए टेक्नॉलॉजी का अधिकतम लाभ उठा सकते हैं.













