जमशेदपुर : सतत गुणवत्ता इस्पात निर्माण पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का गुरुवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआइ ऑडिटोरिम में शुरु हुआ. दो दिवसीय इस सेमिनार का आयोजन टाटा स्टील द्वारा भारतीय धातु संस्थान (आइआइएम) जमशेदपुर चैप्टर, सीएसआइआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) तथा ऑल इंडिया इंडक्शन फर्नेस एसोसिएशन (एआइआइएफए) के सहयोग से किया जा रहा है. इसमें इलेक्ट्रिक आर्क भट्ठी और इंडक्शन भट्ठी में हो रहे बदलावों पर चर्चा की गयी. सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन एनएमएल के डायरेक्टर डॉ संदीप घोष चौधरी, ऑल इंडिया सस्टेनेबल स्टील मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश मंधानी, टाटा स्टील के न्यू मैटेरियल बिजनेस, टेक्नॉलॉजी और आरएंडडी के वाइस प्रेसिडेंट सुबोध पांडेय, टाटा स्टील के प्रोसेस विभाग के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी डॉ अतनु रंजन पाल और लांग प्रोडक्ट के मुख्य गुणवत्ता आश्वासन डॉ टी भास्कर की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया. इस सम्मेलन का उद्देश्य स्टील उद्योग के पेशेवरों, शोधकर्ताओं, कच्चे माल के आपूर्तिकर्ताओं, प्लांट ऑपरेटरों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि वे इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस और इंडक्शन फर्नेस जैसे वैकल्पिक स्टील निर्माण मार्गों के तेजी से बदलते परिदृश्य पर चर्चा कर सकें. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में मुख्य व्याख्यान, तकनीकी सत्र और उद्योग संवाद शामिल हैं, जो फर्नेस तकनीक, प्रोसेस टेक्नोलॉजी, स्क्रैप प्रबंधन और डिजिटलाइजेशन में हो रहे विकास पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे, जिससे टिकाऊ और उच्च गुणवत्ता वाले तरल स्टील उत्पादन का भविष्य तय होगा. आयोजन समिति के चेयरमैन डॉ टी भास्कर ने अपने स्वागत भाषण में इलेक्ट्रिक आर्क भट्ठी और इंडक्शन भट्ठी मार्ग के माध्यम से सतत एवं गुणवत्ता युक्त स्टील निर्माण के महत्व पर जोर दिया. आइआइएम के चेयमरैन डॉ अतनु रंजन पाल ने धातुकर्म और सामग्री विज्ञान के क्षेत्र में पेशेवरों और विद्यार्थियों के बीच जागरूकता बढ़ाने हेतु आइआइएम द्वारा किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला तथा इस आयोजन के महत्व को टाटा स्टील की पहलों के अनुरूप बताया. एआइआइएफए के अध्यक्ष योगेश मंधानी ने भारतीय परिदृश्य में इंडक्शन फर्नेस के उपयोग पर चर्चा करते हुए नई तकनीकों की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने प्राथमिक और द्वितीयक स्टील उत्पादकों के बीच साझेदारी के महत्व को भी रेखांकित किया. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट सुबोध पांडेय ने टाटा स्टील के विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में संचालन पर चर्चा की तथा ग्रीन स्टील ट्रांजिशन के दौरान स्टील की स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और लागत अनुकूलन के मुद्दों पर प्रकाश डाला. उन्होंने चीन में तकनीकी प्रगति के संदर्भ में ग्रीन स्टील की दिशा में ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता भी बताई. डॉ संदीप घोष चौधरी ने स्क्रैप की गुणवत्ता और इलेक्ट्रिक आर्क भट्ठी और इंडक्शन भट्ठी के साथ जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की, विशेष रूप से ट्रैम्प एलिमेंट्स की बढ़ती मात्रा के संदर्भ में, जो इन तकनीकों के बढ़ते उपयोग के साथ एक महत्वपूर्ण समस्या बनती जा रही है. इस सम्मेलन को अकादमिक और स्टील उद्योग से जुड़े पेशेवरों का अत्यधिक साथ मिला. इस आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों से 200 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं. इस दौरान तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें फर्नेस टेक्नोलॉजी एवं सहायक प्रणालियां, वैलोराइजेशन और सतत विकास, स्क्रैप एवं कच्चे माल की गुणवत्ता, धातुकर्मीय प्रक्रिया नियंत्रण एवं तरल स्टील की गुणवत्ता और मॉडलिंग और डिजिटलाइजेशन पर चर्चा की गयी.














