
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों के टीकाकरण को लेकर भारत सरकार की ओर से जारी किये गये गाइडलाइन के मुताबिक ही टीका देने का सरकुलर जारी किया है. टाटा स्टील की वीपी एचआरएम अतरई सरकार के हस्ताक्षर से यह सरकुलर जारी किया गया है. यह बताया गया है कि जिन कर्मचारियों ने अपना पहला टीका कोविशील्ड का लिया है, वे लोग दूसरा टीका भी 12 से 16 सप्ताह के भबीतर ही लेंगे. सबको कहा गया है कि वे लोग कोविन एप के जरिये अपना टीका का बुकिंग कर लें ताकि दूसरा डोज ले सके. जिन कर्मचारियों ने कोवैक्सीन का टीका पहला डोज लिया है, वे लोग 4 सप्ताह के बाद ही अपना टीका लेंगे. वैसे कर्मचारी जो 45 साल से ऊपर के है, वे लोग भी कोविन एप से ही टीका के लिए बुकिंग कर सकते है और अपनी इच्छा से टाटा मेन अस्पताल को ले सकते है. जिन कर्मचारियों को कोरोना हो चुका था, वैसे कर्मचारियों को कहा गया है कि रे लोग तीन माह के बाद ही अपना पहला टीका ले सकेंगे. जिन लोगों ने पहला टीका ले लिया और उसके बाद कोरोना पोजिटिव हो गया था, वैसे लोग तीन माह के बाद ही दूसरा डोज ले सकते है. कोरोना का टीका अब स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए भी इजाजत दी गयी है. यह बताया गया है कि लोयोला स्कूल, सिदगोड़ा रामकृष्ण मिशन स्कूल में 18 से 44 साल के लोगों को टीका दिया जा रहा है, लेकिन वह सरकार का सारा सिस्टम है, जिसका मैनेजमेंट टीएमएच देख रही है. उसका रजिस्ट्रेशन और स्लॉट बुकिंग भी कोविन एप से ही हो सकता है. सभी कर्मचारियों से अपील की गयी है कि वे लोग कोरोना का टीका जरूर लें.


