
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन की संजीव चौधरी टुन्नु के नेतृत्व वाली कमेटी के एक साल पूरे हो गये. एक साल पूरे होने पर बुधवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह ने सारे पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की. इस मीटिंग के दौरान एक साल का रिव्यू किया गया. यह आपस में बातचीत की गयी कि आखिर कितने सफल हुए और कितना सफल नहीं हो पाये. क्या काम अभी बाकि है और आगे क्या किया जाना है, इस पर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान बोनस समझौता बेहतर कराने के लिए यूनियन की सारी टीम ने एक दूसरे को बधाई दी. इसके अलावा 500 बहाली की प्रक्रिया को शुरू कराने के लिए भी आभार जताया और आने वाले दिनों में इसकी बहाली की प्रक्रिया को पूर्ण करने पर फैसला लिया गया. अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने सारे पदाधिकारियों को कहा कि वे लोग अपने-अपने विभागों में लंबित कामों की सूची तैयार करें और उन सूची का एक-एक कर निबटारा करें. इसकी सूची उनको भी दें ताकि वे खुद से भी विभागों की समस्याओं को देख सके. महामंत्री सतीश सिंह ने कहा कि काम में तेजी लानी होगी. बचे हुए दो साल में जो भी लंबित मामला है, उन सारे लंबित मामलों का निबटारा टीम वर्क के साथ किया जाये. डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह ने कहा कि कार्यकाल काफी अच्छा रहा है. समन्वय स्थापित कर हम लोग काम कर रहे है और आगे भी सारे पेंडिंग इश्यू का हाल निकाला जायेगा.















