
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चल रहे चुनाव के दौरान नामांकन वापसी के आखिरी दिन शाम के वक्त अजीबोगरीब स्थिति हो गयी. चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह समेत तमाम लोग नामांकन पत्रों की जांच और नामांकन वापसी के बाद के फाइनल लिस्ट लगाने की तैयारी कर रहे थे. इसी बीच अचानक से निर्वाचन क्षेत्र संख्या 49 जो प्रोक्योरमेंट डिपार्टमेंट के रुप में जाना जाता है, वहां के दो प्रत्याशी एम रवि और नवीन मुर्मू के दो प्रस्तावक आ गये और कहा कि वे लोग एम रवि और नवीन मुर्मू का समर्थन नहीं करना चाहते है. इसके बाद चुनाव पदाधिकारी विचार विमर्श कर रहे थे. इसी बीच अचानक से उम्मीदवार एम रवि आ गये. एम रवि ने आते ही चुनाव पदाधिकारी को कहा कि यह तो अच्छी नीति है कि किसी को डराकर धमकाकर भेज दिया जाये और प्रस्तावक को ही हटा दिया जाये और उनका नामांकन रद्द कराकर जीत दिला दी जाये. वैसे भी स्क्रुटनी का काम पूरा हो चुका है तो कैसे किसी का नामांकन खारिज हो सकता है. इसके बाद उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया, जिसको लेकर अफरा-तफरी मच गयी थी. उन्होंने कहा कि यह अन्याय हुआ तो यूनियन ऑफिस में ही आत्मदाह कर लेंगे. दरअसल, निर्वाचन क्षेत्र संख्या 49 के प्रोक्योरमेंट विभाग से महामंत्री बीके डिंडा चुनाव जीतते आये थे. वे रिटायर हो गये. यहां से उमेश सिंह, भाष्कर तिवारी, एम रवि, नवीन मुर्मू और चंदन बनर्जी ने नामांकन कर चुके है. यहां तीन सीट के लिए पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में है. अगर नवीन मुर्मू और एम रवि का नामांकन खारिज हो जाता तो तीन उम्मीदवार फिर से निर्विरोध हो जाते. इसी चक्कर में प्रस्तावक पहुंचे थे, लेकिन ऐन मौके पर उम्मीदवार एम रवि आ गये और हंगामा करने लगे और आरोप लगाया कि डराकर प्रस्तावक के नाम को वापस कराया जा रहा है, जो गलत है. बाद में चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह ने कहा कि यह मामला शांत हो चुका है. अब किसी प्रस्तावक के नाम वापस लेने के मामले को माना नहीं जायेगा और एम रवि और नवीन मुर्मू चुनाव लड़ सकते है. इसके बाद मामला शांत हो पाया. इसके बाद अंतिम सूची कमेटी मेंबर के प्रत्याशियों का जारी कर दिया गया.





