जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन द्वारा यूनियन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय माइकल जॉन की 49वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को स्वर्गीय माइकल जॉन को श्रद्धांजलि दी गयी. इस दौरान सबसे पहले सुबह में उनकी समाधि पर कैंडल एवं पुष्प अर्पित कर स्वर्गीय माइकल जॉन की आत्मा की शांति की कामना की गई. इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी टुन्नु, महासचिव सतीश कुमार सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, सहायक सचिव नितेश राज, कोषाध्यक्ष अमोद कुमार दुबे, यूनियन के ऑफिस इंचार्ज धर्मवीर कुमार सिंह व टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यकारिणी समिति के सदस्यगण एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के कर्मचारीगण आदि उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद यूनियन परिसर में एक शोक सभा का आयोजन भी किया गया. इस मौके पर यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने यूनियन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय माइकल जॉन की जीवनी पर प्रकाश डाला. साथ ही उनके ओजस्वी एवं दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता का अनुसरण अपने जीवन भी में करने की प्रेरणा ली. उनके अलावा यूनियन के फैकल्टी सह ऑफिस एसोसिएट डाॅ एमएस सिंह ने यूनियन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय माइकल जॉन की जीवनी पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला. गौरतलब हो कि स्वर्गीय माइकल जॉन टाटा वर्कर्स यूनियन में सन 1947 से 1977 तक लगभग करीब 30 वर्षों तक अध्यक्ष थे. यूनियन द्वारा आयोजित इस शोक सभा में टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यकारिणी समिति के कई सदस्यगण के अलावा टाटा वर्कर्स यूनियन के कर्मचारिगण आदि उपस्थित थे. अंत में यूनियन के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय माइकल जॉन की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की गई एवं उसके पश्चात श्रधांजली सभा की समाप्ति की घोषणा की गई.




