
जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर डिवीजन के डीआरएम वीके साहू शनिवार को टाटानगर स्टेशन पहुंचे. उन्होंने इस दौरान स्टेशन परिसर समेत अन्य जगहों का निरीक्षण किया. शनिवार को वे सैलून से टाटानगर स्टेशन पहुंचे. निरीक्षण के दौरान टाटानगर स्टेशन डायरेक्टर के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. डीआरएम ने स्टेशन का निरीक्षण करते हुए टाटानगर स्टेशन में बन रहे नए गुड्स शेड का भी जायजा लिया और जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि चक्रधरपुर डिवीजन से हर साल माल ढुलाई बेहतर हो रही है. इसी को लेकर टाटानगर स्टेशन में पुराने गुड्स शेड के अलावा एक नया गुड्स शेड बनाया जा रहा है, ताकि जमशेदपुर और आसपास के व्यापारी रेलवे के माध्यम से अपना सामान भेज सकते हैं. यहां से व्यापारी सामान बुक करने के अलावा पूरा रैक बुक करवा सकते हैं. इसके अलावा बिरराजपुर स्थित शेड में लाइटिंग की गई है औऱ मनिकुई स्थित प्राईवेट लाइन को भी चालू करने का प्रस्ताव भेजा गया है. उन्होने बताया कि रेलवे द्वारा हल्दीपोखर रेल लाइन पर लोडिंग-अनलोडिंग की व्यवस्था की जाएगी ताकि लोगों को सामान लोड-अनलोड करने में दिक्कत न हो. जल्द ही इस काम को पूरा कर लिया जाएगा. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)

पार्किंग के लिए जल्द ही होगी व्यवस्था
डीआरएम ने कहा कि फिलहाल आम लोगों के लिए पार्किंग चालू है, सभी तरह की सुविधाएं पार्किंग में मिल रही हैं. जहां तक टेंडर की बात है तो उसके लिए प्रक्रिया शुरू की जाएगी औऱ जल्द से जल्द पार्किंग का टेंडर निकाला जाएगा. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
फिलहाल पूजा स्पेशल ट्रेन नहीं
उन्होंने बिहार के लिए पूजा स्पेशल ट्रेन के बारे में बताया कि फिलहाल अभी कोई पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना नहीं है. अगर रेलवे को कोई प्रस्ताव आता है तो इस पर विचार किया जाएगा. इसके अलावा 23 अक्टूबर से पुणे, मुंबई और यशवंतपुर जाने के लिए रेल सेवा शुरू की जा रही है.







