
जमशेदपुर : पोटका थाना अंतर्गत रेमडा गांव में अपने भाई के कहने पर बिजली के पोल पर तांबे का तार चोरी करने चढ़ा युवक करंट लगने से गंभीर रुप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलने पर पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. घायल राजन मार्डी जादूगोड़ा के जुबला गांव का ही रहने वाला है. मिली जानकारी के अनुसार राजन के भाई सुनील ने उसे पोल पर लगे तांबे का तार चोरी करने को कहा. वह तार चोरी करने के लिए पोल पर चढ़ गया. जैसे ही उसने तार को पकड़ा उसे जोर का झटका लगा और वह जमीन पर गिर गया. यह देख उसका भाई और अन्य युवक मौके उसे छोड़कर फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और राजन को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. राजन की स्थिति गंभीर बनी हुई है.







