जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे यार्ड के पास ट्रेन की चपेट में आने से जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर के रहने वाले राजू टोप्पो की मौत हो गई है. इलाके के लोगों ने सोमवार की सुबह राजू का शव देखा तो शोर मचाया. शव देखने के लोगों का मजमा जुट गया. लोगों ने इसकी जानकारी रेल पुलिस को दी. रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. रेल पुलिस ने बताया कि राजू अपने घर का इकलौता बेटा था. वह लोडिंग अनलोडिंग का काम करता था. लाल बाबा फाउंड्री के पास काम करता था. बताते हैं कि बारीगोड़ा की रहने वाली एक युवती से वह प्रेम करता था. रविवार की शाम वह युवती को लेकर गया था. इसके बाद वापस नहीं लौटा. पुलिस का कहना है कि लगता है कि ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.







