
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई टिस्को ग्रोथ शॉप की अधिकृत यूनियन टिस्को मजदूर युनियन की शिव लखन सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी को मान्यता देने से मैनेजमेंट ने इंकार कर दिया है. मैनेजमेंट की ओर से शिव लखन सिंह को भेजे गए ईमेल में साफ तौर पर कह दिया गया है कि टिस्को मजदूर यूनियन राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता वाली कमेटी ही कंपनी में कार्यरत रहेगी. दूसरी ओर शिव लखन सिंह कमिटी में महामंत्री रहे नवीन कुमार और जीसी श्रीवास्तव को मैनेजमेंट ने चार्जशीट सौंप दिया है. मैनेजमेंट की ओर से 48 घंटे में चार्जशीट का जवाब देने को कहा गया है. आपको बता दें कि शिव लखन सिंह शनिवार को टिस्को ग्रोथ शॉप से रिटायर कर गए. अपने रिटायरमेंट के 2 दिन पहले ही उन्होंने टिस्को मजदूर यूनियन के नाम से ही अपनी अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया, जिसको श्रम विभाग ने रजिस्टर बी में दर्ज भी कर लिया. इसके बाद उन्होंने मैनेजमेंट के पास अपनी यूनियन को मान्यता देने के लिए आवेदन भेजा था जिसको मैनेजमेंट ने नकार दिया है. अब यह है कि टिस्को ग्रोथ शॉप में राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता वाली यूनियन ही मान्य होगी और उसी कमेटी से मैनेजमेंट बात करेगी जिसमें शिव लखन सिंह महामंत्री के पद पर अभी हैं. वैसे अब रिटायरमेंट के बाद अब शिवलखन सिंह को अपना कॉप्शन भी करना होगा जो सीधे-सीधे राकेश्वर पांडे के हाथ में होगा कि शिवलखन सिंह का कॉप्शन होगा या नही.






