
जमशेदपुर : जमशेदपुर रक्तदाताओं के शहर के रूप में जाना जाता है. वैश्विक महामारी कोरोना काल की त्रासदी के बीच शाहवासी एवं शहर के स्वयंसेवी संगठनों के प्रयास से जमशेदपुर ब्लड बैंक को लगातार रक्त मुहैया कराया जा रहा है. यहां के लोगों ने साबित कर दिया कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हो वे किसी जरूरतमंद को खून की कमी के कारण मरने नहीं देंगे. आपको बता दें कि कोरोना को लेकर जब पूरा देश लॉक डाउन की त्रासदी झेल रहा था उस वक्त जमशेदपुर ब्लड बैंक में खून की कमी हो चली थी. जहां ब्लड बैंक के आह्वान पर फिर से लौहनगरी के जांबाज रक्तदाताओं और स्वयंसेवी संगठनों ने मोर्चा संभाला और एक बार फिर से ब्लड बैंक की कमी को पटरी पर लाने में अहम भूमिका निभाई. अब तो स्वयंसेवी संगठनों के प्रयास से प्लाज्मा भी बड़े पैमाने पर डोनेट किया जा रहा है. रविवार को प्रयत्न और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया. जहां रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर हौंसलाफ़जई की गई. साथ ही हर जरूरतमंदों को खून की कमी होने पर सहयोग का भरोसा दिलाया गया. वहीं भाजपा नेता बबुआ सिंह ने रक्तदानी संस्था के प्रयासों की सराहना की.







