
टोक्योः टोक्यो ओलंपिक में खेले गए पहले सेमीफाइनल में बेल्जियम ने भारत को 5-2 हराकर फाइनल में स्थान सुरक्षित कर लिया है. हार के बाद हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि बेल्जियम की टीम ने तीसरे और चौथे सेशन में भारतीय टीम से बेहतर खेला. बेल्जियम ने सेमीफाइनल में भारत को 5-2 से हराया और अब गुरुवार को गोल्ड मेडल के मुकाबले में उसका सामना ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा. मनप्रीत ने कहा, ‘निश्चित रूप से यह मैच कठिन था, क्योंकि बेल्जियम सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है. हमें मौके मिले, लेकिन हम उसका फायदा नहीं उठा पाए. उन्होंने तीसरे और चौथे सेशन में शानदार प्रदर्शन किया. हमारी टीम का प्रयास अच्छा था. आप जब बड़ी टीमों के खिलाफ खेल रहे होते हैं, तो मौकों का फायदा उठाना महत्वपूर्ण होता है. बेल्जियम के पास अच्छा डिफेंस है.’
उन्होंने कहा, ‘टीम अच्छा खेली, पता नहीं किस आधार पर मुझे ग्रीन कार्ड दिया गया. हमारे पास अभी भी कांस्य पदक जीतने का मौका है. खाली हाथ रहने से बेहतर है कि हम कांस्य पदक अपने नाम करें. हम कांस्य पदक मैच के लिए अपनी पूरी क्षमता से तैयार होने की कोशिश करेंगे. भारत गुरुवार को कांस्य पदक के मैच में ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के बीच हारने वाली से भिड़ेगा. भारतीय टीम काफी अच्छा खेलती दिख रही थी, लेकिन अंतिम सेशन में उसने लय खो दिया और बेल्जियम ने इसका पूरा फायदा उठाया. आखिरी 15 मिनट में उसने तीन गोल किए और भारतीय टीम को 2-5 से हार का सामना करना पड़ा.




