चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को लक्षित कर लगाये गए आइईडी के विस्फोट में कोबरा बटालियन के दो जवान जख्मी हो गए. नक्सल विरोधी अभियान में शामिल दोनों जख्मी जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया है, जहां राज अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

यहां मिली जानकारी के अनुसार जिला पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम शुक्रवार सुबह अपने नक्सल विरोधी अभियान में निकली थी. इसी दौरान पूर्वाह्न 10:40 बजे के करीब सारंडा के सघन वन क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को लक्षित कर पहले से लगाए गए आइईडी में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से कोबरा बटालियन के दो जवान बुरी तरह जख्मी हो गए. उधर, विस्फोट की सूचना मिलते ही जिला एवं राज्य के प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई. आनन-फानन में दोनों घायल जवानों को वहां से एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की व्यवस्था की गई. रांची में दोनों जवानों को राज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि जिला पुलिस के नेतृत्व में सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन सहित सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों द्वारा सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान सुरक्षा बलों को भारी सफलता भी मिल रही है, जिसमें नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपा कर रखे असलहे एवं दैनंदिन उपयोग के अन्य सामानों की बरामदगी भी हो रही है एवं नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को लक्षित कर लगाये गये विस्फोटकों को भी बरामद कर नष्ट किया जा रहा है. इसी क्रम में आज निकली सुरक्षा बलों की टीम के दो जवान नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगा कर रखे गए आइईडी में हुए विस्फोट की चपेट में आ गए. नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान आगे भी जारी रहेगा.




