रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय चक्रधरपुर स्थित पाठशाला में ब्रह्माकुमारिज एजुकेशन विंग की ओर से ‘शिक्षण के क्षेत्र में अध्यात्म की भूमिका’ पर चल रहा पखवाड़ा गुरुवार को संपन्न हो गया. पाठशाला संचालिका बीके मानिनी बहन के नेतृत्व में चले उक्त पखवाड़ा में शहर के कई विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने अपने विचार रखे. इस क्रम में शहर के जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ श्रीनिवास कुमार, सिस्टर निवेदिता बालिका इंटर कॉलेज के प्राचार्य डॉ देवव्रत महापात्र, जमशेदपुर डायसिस एजुकेशन सोसायटी से पंजीकृत सेंट जेवियर्स इंग्लिश स्कूल के प्रिंसिपल फादर पुथुमाई राज, स्वामी संस्थान एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा संचालित दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल गिरधर दास ने अपने विचार रखते हुए कहा कि आज का बच्चे और भविष्य की आंतरिक उन्नति के लिए शिक्षण क्षेत्र में अध्यात्म बेहद आवश्यक है, जिसमें जीवन मूल्यों, उद्देश्य और आत्म जागृति के साथ आंतरिक शांति, सामाजिक उत्तरदायित्व, गहनता के साथ आपसी जुड़ाव जैसे गुणों को बढ़ावा मिलता है. (नीचे भी पढ़ें)

पखवाड़ा के दौरान पाठशाला संचालिका बीके मानिनी बहन ने कहा कि अध्यात्म हर एक में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ आंतरिक शांति को विकसित करने एवं शिक्षण क्षेत्र में करुणामय और सृजनशील वातावरण बनाने में मददगार होता है. इस प्रकार उन्होंने प्राचार्यों के साथ मुलाकात के उपरांत सभी को ईश्वरीय सौगात भी प्रदान की. इस पखवाड़े में बीके रीता के साथ ब्रह्माकुमारीज एजुकेशन विंग का आजीवन सदस्य बीके स्वरूप भी शामिल थे.



