रामगोपाल जेना/चाईबासा : कोल्हान छात्र संघर्ष समिति के सदस्यों ने सोमवार को कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति से मुलाकात कर छात्रहित एवं शैक्षणिक वातावरण से जुड़ी लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की. समिति ने कहा कि पूर्व में विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष दो महत्वपूर्ण मांगें रखी गई थीं, जिनमें से एक मांग पर कार्रवाई करते हुए संबंधित प्राचार्य को पद से हटाकर दूसरे कॉलेज में पदस्थापित किया गया. इसके लिए समिति ने कुलपति का आभार जताया. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि समिति ने आरोप लगाया कि दूसरी महत्वपूर्ण मांग, जिसमें एक वरिष्ठ एवं अनुभवी प्राध्यापक को पुनः उनके पूर्व महाविद्यालय में पदस्थापित करने की बात कही गई थी, उस पर अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है. समिति का कहना है कि उक्त प्राध्यापक के स्थानांतरण से विद्यार्थियों की पढ़ाई, शैक्षणिक व्यवस्था एवं विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं. छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों में भी इसको लेकर चिंता बनी हुई है. समिति ने कुलपति से छात्रहित एवं शैक्षणिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए संबंधित वरिष्ठ प्राध्यापक को शीघ्र पूर्व स्थान पर वापस भेजे जाने की मांग की, ताकि शिक्षण कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके. (नीचे भी पढ़ें)
समिति ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मुद्दे पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है तो छात्र चरणबद्ध असहयोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे. मौके पर पूर्व छात्र संघ सचिव सुबोध महाकुड़, पीजी विभाग के पूर्व अध्यक्ष सनातन पिंगुआ, टाटा कॉलेज के पूर्व सचिव पिपुन बारिक, छात्र नेता अनुज पुर्ती सहित कई अन्य छात्र उपस्थित थे.

















