
चरणजीत सिंह / जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा अंतर्गत एक गांव में तीन नाबालिग लड़कों ने मिलकर 10 वर्षीय बच्चे के साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया. विरोध करने पर उसकी दम भर पिटाई भी की. इस कुकृत्य को अंजाम देने वाले भी 15 से 16 साल के बच्चे हैं. मामला संज्ञान में आते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस ने तीनों आरोपित बच्चों को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
तीनों नाबालिग को रिमांड होम भेजा गया, मामले की जांच कर रही पुलिस
थाना में पूछताछ करने के बाद रविवार को तीनों को रिमांड होम भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि तीनों लड़के 10 वर्षीय बच्चे को अपने साथ पहले दारू पिलाने ले गये. इसके बाद शाम के समय खेत में ले जाकर उसके साथ आप्राकृतिक यौनाचार किया. विरोध करने पर उसे पीटा. इसके बाद बेहोशी की हालत में उसे खेत में ही छोड़कर तीनों लड़के घर आ गए. पीड़ित बच्चा रात में खेत में ही पड़ा रहा. अगले दिन सुबह कुछ लोगों की उस पर नजर पड़ी. अभिभावक को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया. वहां से पहले बच्चे को घर ले जाया गया. उसके बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद 2 जुलाई को परिजन प्राथमिकी दर्ज कराने मुफ्फसिल थाना पहुंचे. थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक ने बताया कि घटना एक जुलाई की है. मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज करते हुए तीन नाबालिग लड़कों को गिरफ्तार किया गया है. सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं. आरोपितों की उम्र 15 से 16 साल के बीच की है. पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, फिलहाल कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों को रिमांड होम भेज दिया गया है. साथ ही आग्रेतर कार्रवाई के लिए अनुसंधान किया जा रहा है. यौनाचार का शिकार बच्चे का स्वास्थ्य अब ठीक है.






