
चाईबासा : झारखण्ड सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के चाईबासा आमलाटोला आवास आगमन पर गुरुवार को उन्हें पश्चिमी सिंहभूम जिले की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया. मंत्री ने जिले के समस्याओ का शीघ्र समाधान करने की दिशा में पहल करने कि आश्वासन दिया. जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र नाथ ओझा एवं त्रिशानु राय ने संयुक्त रूप से पुष्प गुच्छ प्रदान कर उनका स्वागत किया. साथ ही जिले को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने की कटिबद्धता के प्रति मंत्री का आभार व्यक्त किया. ज्ञातव्य हो कि वर्षों से चाईबासा शहरी जलापूर्ति योजना शहरवासियों की मांग रही है. सांसद गीता कोड़ा, विधायक दीपक बिरुवा एवं कई जनप्रतिनिधि चाईबासा शहरी-जलापूर्ति योजना को पूर्ण करने की दिशा में प्रयासरत रहे हैं, जिसके शेष भाग का शिलान्यास मंत्री, सांसद, विधायक, नप कार्यकारी अध्यक्ष के द्वारा कल किया जा रहा है, जो शहरवासियों के लिए काफी हर्ष का विषय है. उक्त जानकारी जिला कांग्रेस प्रेस प्रवक्ता जितेन्द्र नाथ ओझा ने दी.














