रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर केंद्रीय दुर्गापूजा समिति की स्थानीय नगर परिषदग सभागार में हुई एक बैठक में विधायक सुखराम उरांव को लगातार चौथी बार सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया गया. हालांकि विधायक सुखराम उरांव स्वयं अध्यक्ष पद संभालने के इच्छुक नहीं थे. बैठक में उन्होंने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया, लेकिन विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने एक स्वर में उनसे जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया. सदस्यों की एकजुटता और आग्रह के बाद आखिरकार विधायक सुखराम उरांव ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी स्वीकार कर ली. (नीचे भी पढ़ें)

सुखराम उरांव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक की शुरुआत में केंद्रीय दुर्गापूजा समिति के निवर्तमान सचिव प्रो शिव पूजन सिंह ने पुरानी कमिटी को भंग किये जाने की घोषणा की. इसके बाद नई कमिटी के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई. इसी दौरान समिति के वरिष्ठ सदस्य राम प्रताप बर्मन ने केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष पद के लिए विधायक सुखराम उरांव के नाम का प्रस्ताव रखा. प्रस्ताव सामने आते ही बैठक में मौजूद विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों ने एक स्वर में इसका समर्थन किया. इसके बाद विधायक सुखराम उरांव को सर्वसम्मति से लगातार चौथी बार केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति का अध्यक्ष चुना गया. अध्यक्ष चुने जाने के बाद विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि दुर्गापूजा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान यदि कोई छोटी-बड़ी समस्या आती है तो हर बात के लिए केंद्रीय समिति या प्रशासन को निशाना बनाने के बजाय सभी पूजा समितियों को आपस में मिल-जुलकर उसका समाधान करने का प्रयास करना चाहिए. उन्होंने कहा कि “कुछ भी होता है तो लोग केंद्रीय समिति या प्रशासन को निशाना बनाते हैं, लेकिन हमारी पूजा है. सभी कमिटियों का भी दायित्व है कि छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान आपस में मिल-जुलकर करें. बिना प्रशासन के भी हम बेहतर कर सकते हैं, यह प्रयास होना चाहिए.” विधायक के इस संदेश के बाद बैठक में मौजूद सदस्यों ने भी आपसी समन्वय और सहयोग के साथ दुर्गा पूजा को बेहतर तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष के चयन के बाद अब केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति की विस्तारित कमिटी के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. बताया गया कि आने वाले दिनों में नई कमिटी के पदाधिकारियों और सदस्यों की घोषणा की जाएगी. इस बार केंद्रीय कमिटी को लेकर नए स्वरूप और नई जिम्मेदारियों पर भी चर्चा होने की संभावना है. बैठक में संरक्षक श्री अशोक सारंगी ने भी अपनी बातें रखीं और शांति पूर्ण भक्ति श्रद्धा के साथ मां की पूजा को सम्पन्न कराने में योगदान दें. बैठक में ये प्रमुख रूप से संरक्षक अशोक षाड़ंगी, नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, पार्षद राजू प्रसाद कसेरा, विनोद साहू,शम्भु साव, राजेश शुक्ला, पप्पू लाला, नारायण अग्रवाल, दिनेश केड़िया, विवेक कुमार, पार्षद बिनय बर्मन, निक्कू सिंह, प्रो नागेश्वर प्रधान, दिलीप प्रधान, मुन्ना तांती, अमित मिश्रा, संजय मिश्रा, गोल्डी सिंह, परमेंद्र सिंह, संजय पासवान, माइकल, अशोक दास समेत विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य मौजूद रहे.




