रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : हुड़ांगदा पंचायत के भरंडिया गांव में ग्रामीणों की एक बैठक मुंडा बहराम हेंब्रम की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुखिया लक्ष्मी गागराई एवं समाजसेवी राजेश गागराई मुख्य रूप से उपस्थित थे. बैठक में सर्वसम्मति से भरंडिया गांव के बामिया गगराई, रामाय गगराई, रूपनारायण गगराई, संजय गगराई, बायो गगराई, बागुन गगराई, दुर्गा गागराई, सुरेंद्र गागराई के पूरे परिवार के सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर ग्राम मुंडा बहराम हेंब्रम ने कहा कि ये लोग आदिवासी समाज के नाम पर कलंक हैं. ये आदिवासी रीति-रिवाज एवं नियम को नहीं मानते. इसके साथ ही ग्राम मुंडा एवं मुखिया का निर्णय भी ये लोग नहीं मानते. समाज में रहकर समाज के नियमों के विपरीत कार्य करने के कारण ही इन लोगों का सामाजिक बहिष्कार किया गया है. उन्होंने कहा कि ये लोग रिश्ते को अहमियत नहीं देते, जिसके कारण कई बार इन लोगों को चेतावनी भी दी गई है. इसके बावजूद ये लोग रिश्ते को कलंकित करने में जुटे हुए हैं. इस कारण इन लोगों का सामाजिक बहिष्कार किया गया है. ये लोग अपने आपको एवं अपने आचरण को सुधार लें, उसके बाद ही उन्हें समाज में वापस लिया जा सकता है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अपने रीति-रिवाज हैं. उन्हें नहीं माननेवाले का आदिवासी परंपरा के अनुसार उसे सामाजिक बहिष्कार किया जाता है. इन लोगों का आचरण समाज में रहने लायक नहीं है, जिसके कारण इनका सामाजिक बहिष्कार किया गया है. इस मौके पर सुनील गगराई, सोमा गगराई, किरण गगराई, ज्योति गगराई, सुनीता गगराई, परी गगराई, राजेश अंगरिया, अर्जुन गोप समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.











