रामगोपाल जेना/चाईबासा : कोल्हान क्षेत्र में जिला प्रशासन और मानकी मुण्डा के बीच हमेशा से मजबूत पारस्परिक संबंध रहा है, जिसके कारण जिला और कोल्हान क्षेत्र विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ा है. इस संबंध का मूल उद्देश्य आदिवासियों का समग्र विकास और जिला प्रशासन व जिला वासियों के बीच मधुर संबंध स्थापित करना रहा है. विगत कई दिनों से ग्रामीण मुण्डा-मानकियों में जिला प्रशासन के विरूद्ध असंतोष व्याप्त होने के संबंध में सूचनाएं मिलने के बाद जिला प्रशासन ने इस संबंध में निम्न बातें स्पष्ट की हैं :- (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने इस संबंध में स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि मानकी और मुंडा राजस्व प्रणाली के महत्वपूर्ण अंग हैं और वंशावली इन्हीं के द्वारा निर्गत की जाती है. उन्होंने कहा कि यह परंपरा पूर्ववत् कायम रहेगी. जहां किसी कारण से मुंडा के स्तर से वंशावली निर्गत होना संभव नहीं हो पा रहा है (जैसे- मुण्डा की मृत्यु होना या अनुपस्थिति इत्यादि) वहां मानकी वंशावली निर्गत करेंगे. यदि दोनों ही उपलब्ध नहीं हों, तो पूर्व की भांति परम्परागत विकल्पों से वंशावली निर्गत की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
इसी प्रकार कुशल प्रशासन एवं लोकहित को सर्वपरि रखते हुए जिलान्तर्गत विगत दो-तीन माह में तेजी से रिक्त मुण्डा-मानकियों के पद पर ग्राम सभा के माध्यम से नियुक्ति की गयी है. शेष रिक्त पदों पर भी ग्रामसभा कर नियुक्ति की कार्रवाई शीघ्र की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी मानकी-मुण्डा के विरूद्ध प्राप्त शिकायत पर कोल्हान अधीक्षक अथवा मुंडा-मानकी न्याय पंच द्वारा प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी. जांच प्रतिवेदन में शिकायत प्रमाणित होने पर ही नियमानुसार मुंडा / मानकी को पद मुक्त किया जा सकेगा. (नीचे भी पढ़ें)
विगत दिनों में यह भी पाया गया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया, इत्यादि के माध्यम से मुण्डा के पद विमुक्त किये जाने के संदर्भ में भ्रामक तथ्य फैलाकर समाज में शांति भंग करने का प्रयास किया जा रहा है. इससे जिला प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है एवं मानकी-मुण्डा के मानस पटल पर असंतोष का बीजारोपण हो रहा है. उन्होंने बताया कि उपायुक्त न्यायालय में मानकी-मुण्डा के विरूद्ध प्राप्त शिकायतों के आलोक में अब तक किसी मानकी-मुण्डा को पदमुक्त नहीं किया गया है. उन्होंने ऐसी स्थिति में इस संबंध में इस संबंध में भ्रम फैलाने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई किये जाने की चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि मुण्डा-मानकी न्याय पंच द्वारा पूर्व में भी अवगत कराया गया है कि कोल्हान क्षेत्र / जिला के निवासियों को हुकुकनामा, विल्किन्सन रूल्स तथा अन्य नियमों के बारे में पूरी जानकारी नहीं है, अतः इस संदर्भ में जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से कार्यशाला आयोजित कर आम निवासियों /मुंडा/मानकियों को इस आलोक में उनके दायित्वों एवं अधिकारों की पूरी जानकारी दी जाएगी.



