
रामगोपाल जेना / सोनुआ : पश्चिमी सिंहभूम के सोनुआ थाना क्षेत्र के पोड़ाहाट गांव की एक मूकबधिर युवती ह्यूमैन ट्रैफिकिंग से बची है. युवती को बहला-फुसलाकर और जबरन अपहरण कर ट्रेन में बैठाकर दलाल पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे. इस दौरान युवती को ट्रेन में रोती हुई देखकर पश्चिम बंगाल के सियालदाह के पास आरपीएफ ने उसे रेस्क्यू किया. युवती के बैग में मौजूद कागजात से मोबाईल नम्बर मिलने पर आरपीएफ ने परिजनों से संपर्क किया, जिसके बाद परिजन युवती को वापस लेकर घर आये. घर लौटने के बाद युवती से आरोपी दलाल युवक के बारे जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे पकड़कर शनिवार सुबह पुलिस को सौंपा दिया. (नीचे भी पढ़ें)
परिजन और काफी संख्या में ग्रामीण पीड़ित युवती को लेकर थाने पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोश जताते हुए लिखित शिकायत देते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. आरोपी कथित दलाल पीड़ित युवती का रिश्ते में जीजा लगता है. परिजनों के मुताबिक जब वे खेत में काम करने गये थे और पीड़ित युवती जब घर में अकेली थी, तब आरोपी युवक उसे बहला-फुसलाकर गोईलकेरा के महादेवशाल मंदिर ले गया और यहां से जबरन अन्य दलालों के साथ ट्रेन में बैठाकर पश्चिम बंगाल भेज दिया. अब परिजनों और ग्रामीणों के शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के अलावा अन्य तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.












