रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : शहीद लाल सिंह मुण्डा की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की आवश्यकता है. हमें एकजुट होकर जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की लड़ाई लड़ना है. उक्त बातें शनिवार को बंदगांव में आयोजित शहीद लाल सिंह मुण्डा की शहातद दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रेम मुंडरी ने कही. उन्होंने कहा- बंदगांव प्रखंड वीर शहीदों की कर्म भूमि है. यहां से ही अपने हक अधिकार, जल, जंगल, जमीन एवं झारखंड अलग राज्य की लड़ाई लड़ी गई थी. उन्होंने कहा हम शहीद लाल सिंह मुंडा के सपनों को साकार करेंगे एवं आदिवासी समुदाय को उसका हक तथा अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे. कार्यक्रम के पूर्व बंदगांव स्थित शहीद लाल सिंह मुण्डा की 42वीं शहादत दिवस पर शहीद लाल सिंह मुंडा की धर्मपत्नी जोसफिन हमसाय, उसके पुत्र जेवियर हमसाय, झामुमो एसटी मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह मुंडरी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष लखन हेम्ब्रम, लादू हासा, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जदुराय मुंडरी, कांग्रेस युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष रवि मुंडरी, आलोक मुंडू, निर्मल हपतगड़ा, रॉबिन हपतगड़ा समेत झामुमो एवं झारखंड आंदोलनकारी नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर लखन हेम्ब्रम ने कहा कि बिटिश हुकूमत के समय ही आदिवासियों पर लगातार अत्याचार होता आ रहा है. अंग्रेज चले गये परंतु आज भी अंग्रेजियत बची रह गई है. आज भी लोग हमारे जमीन को हड़पने के लिए तरह-तरह के हथकंडा अपना रहे हैं. कंपनी के नाम पर विकास के नाम पर दलाल किस्म के लोग लगे हुए हैं. इसलिए समाज को बचाने के लिए शिक्षा बहुत जरूरी हैं. कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जदुराय मुंडरी ने कहा कि बंदगांव प्रखंड का सर्वांगीण विकास कर शहीद के सपनों को पूरा किया जाएगा. रवि मुंडरी ने कहा झामुमो एवं कांग्रेस गठबंधन की सरकार झारखंड में बेहतर कार्य कर रही है. आंदोलनकारियों को सम्मान देने का कार्य सरकार कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
शाहिद लाल सिंह मुंडा की धर्मपत्नी जॉस्फिन हमसाय ने कहा- मैं आज तक अपने पति के सपनों को साकार करने में लगी हूं. बंदगांव प्रखंड के विकास एवं यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं दिलाने के लिए हर पल लगी हूं. उन्होंने कहा झारखंड सरकार आंदोलनकारियों की जीवनी भी किताब में छाप कर स्कूल के बच्चों को पढ़ाया जाय, जिससे यहां के बच्चों को झारखंड राज्य की इतिहास की जानकारी मिल सके. वहीं झामुमो नेताओं ने शहीद की पत्नी जॉस्फिन हमसाय को शॉल एवं साड़ी देकर सम्मानित किया. मौके पर काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे.




