चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 मई 2026 को सूचना मिली थी कि टोंटो थाना अंतर्गत ग्राम चांपीचोंग/बुलतेला में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है. सूचना के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मृतका की पहचान अंजली बेसरा (उम्र लगभग 25 वर्ष) के रूप में की गई. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में मृतका की मां के बयान के आधार पर टोंटो थाना में मामला दर्ज होने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी जोटो उर्फ रवींद्र कोड़ा (उम्र लगभग 30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.







