गोईलकेरा : कोल्हान के गोईलकेरा थाना के छोटा कुईड़ा से मरादिनी जाने वाली कच्ची सड़क पर सुरक्षाबलों ने पांच आईईडी बम बरामद किए है. मिली जानकारी के अनुसार दो किलो वजन के चार आईईडी और पांच किलो का एक हाईप्रेशर बम मिला है, जिसे बमनिरोधी दस्ते ने अपने कब्जे में ले लिया और उसे निस्सत कर दिया. पुलिस और सुरक्षाबलों को लक्षित करने के लिए लगातार नक्सलियों के द्वारा आईईडी बम, बुबी ट्रैप माइन और स्पाइक होल लगाए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
कोल्हान के जंगलों में पुलिस और सुरक्षाबलों के द्वारा जारी सर्च अभियान से नक्सलियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा हैं. एक ओर जहां आए दिन आईईडी बमों को निस्सत किया जा रहा है, वहीं नक्सलियों से आमने सामने की मुठभेड़ में भी नक्सलियों ने अपने कई साथियों की जान गंवा दी हैं. वहीं सुरक्षाबलों का कहना है कि आगे भी इसी तरह के सर्च अभियान जारी रहेंगे और इनमें तेजी आएगी. अभी एक साथ कई जगहों में अभियान चलाया जा रहा है. सुरक्षा बलों के अनुसार इन इलाकों में बड़े नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ते के साथ मौजूद होने की संभावना हैं.


