रामगोपाल जेना, चाईबासा:पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल बीएल नेवटिया टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत रविवार को दो क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए. पूर्वाह्न दस बजे से खेले गए पहले मैच में लारसन क्लब चाईबासा ने फेनेटिक क्लब चाईबासा को सात विकेट तथा सेरसा चक्रधरपुर ने शाह स्पोर्ट्स अकादमी को आठ विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया.चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए पहले मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए फेनेटिक क्लब चाईबासा ने कृष्णा देवगम के 53 रनों की बेहतरीन पारी की बदौलत निर्धारित बीस ओवर में आठ विकेट खोकर116 रन बनाए. लारसन क्लब से जन्मजय सिंह यादव ने तीन तथा प्रमोद सिन्हा ने दो विकेट हासिल किए. जीत के लिए आवश्यक रन का पीछा करने उतरी लारसन क्लब की टीम ने 16.2 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 117 रन बनाकर प्राप्त कर लिया. प्रमोद सिन्हा ने 40 तथा अक्षत पटेल ने 36 रनों की पारी खेलकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. दूसरा मैच अपराह्न एक बजे से खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चक्रधरपुर की शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 15.5 ओवर में मात्र 85 रन बनाकर आल आउट हो गई.(नीचे भी पढ़े)

सेरसा चक्रधरपुर की ओर से अमित दास ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 16 रन देकर पांच विकेट जबकि सुमित शर्मा को तीन सफलता हाथ लगी. जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेरसा चक्रधरपुर की टीम ने मात्र 7.1 ओवर में 85 रन बनाकर हासिल कर लिया. हलांकि इस प्रयास में उन्होंने अपने दो विकेट भी गंवाए. दोनों उद्घाटक बल्लेबाज कमल गोप एवं हिमांशु शर्मा ने क्रमशः 27 एवं 26 रनों की पारी खेली जबकि सुदीत ठाकुर तथा डेविड सांगा ने 17 एवं 13 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत के लक्ष्य तक पहुंचाया. सोमवार को प्रतियोगिता में दो और क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे. पूर्वाह्न दस बजे से खेले जाने वाले पहले क्वार्टर फाइनल में चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी का मुकाबला प्रताप क्रिकेट क्लब चाईबासा से तथा अपराह्न एक बजे से खेले जाने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल में एसआर रुंगटा ग्रुप का मुकाबला चाईबासा क्रिकेट क्लब से होगा.












