चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के तांतनगर ओपी अंतर्गत मंझारी के सिदमा गांव से एक ही परिवार के तीन लोगों के अपहरण मामले में स्थानीय पुलिस को करीब साढ़े छह महीने बाद सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने अपहृत लोगों के शवों का अवशेष कब्र से बरामद किया है. वहीं इस मामले में दो महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बता दें कि विगत 22 जून को 2022 को मंझारी के सिदमा गांव में एक ही परिवार के तीन व्यक्ति जगदीश रजक (60), शारदा देवी (55) और राज रजक (17) का अपहरण हुआ था. जानकारी के अनुसार जमीन विवाद को लेकर तीनों के पड़ोसी विकास बेहरा के द्वारा उनका अपहरण कर लिया गया था. इस संदर्भ में पड़ोसी विकास बेहरा एवं अन्य के विरुद्ध मंझारी थाना (तांतनगर ओपी) में विगत 26 जून को प्राथमिकी दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद से ही विकास बेहरा पूरे परिवार के साथ भाग कर ओड़िशा तथा छत्तीसगढ़ राज्य में जगह बदल-बदल कर रह रहा था. अनुसंधान के क्रम में पिछले 8 दिसंबर को घटना में शामिल विकास बेहरा का सहयोगी रसाय सिंकू, सुशील जामुदा एवं विकास बेहरा का दोनों पत्नी सुष्मीता बेहरा व पार्वती बेहरा को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल और की-पैड जब्त किया है. गिरफ्तार अभियुक्त रसाय सिंकू एवं सुशील जामुदा की निशानदेही पर अपहृत तीनों व्यक्तियों के शव का अवशेष को मुफ्फसिल थाना अन्तर्गत ग्राम छोटा लगिया से कब्र से दण्डाधिकारी की उपस्थिति में बरामद किया गया. पुलिस की ओर से बताया गया है कि इस घटना को अंजाम देने में सात लोग शामिल थे. अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है. घटना का मुख्य आरोपी विकास बेहरा फरार अभी भी फरार बताया जाता है.




