रामगोपाल जेना/चाईबासा : मंझारी प्रखंड अंतर्गत मेरोमहोनर पंचायत के पताहातु गांव में खराब सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है. जिला परिषद सदस्य माधव चंद्र कुंकल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपकर विरोध दर्ज कराया. माधव चंद्र कुंकल ने बताया कि बुनुमलता गांव के डोगोर चौक से पताहातु होते हुए उत्क्रमित मध्य विद्यालय डेमकापदा तक सड़क निर्माण की मांग से 12 जुलाई 2024 को उपायुक्त को अवगत कराया गया था, लेकिन ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कनीय अभियंता के असहयोग के कारण सड़क का एस्टीमेट नहीं बन पाया है. कुंकल ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनका पैर टूट गया था, लेकिन खराब सड़क के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाई और उन्हें खटिया से आधा किलोमीटर ढो कर एंबुलेंस तक ले जाना पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
सड़क निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाने में कनीय अभियंता के द्वारा देरी किए जाने के विरोध में आगामी 13 सितंबर, 2025 को ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के समक्ष धरना आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. इस अवसर पर शत्रुघ्न कुंकल, आजाद कुंकल, शिव शंकर कुंकल, कृष्णा कुंकल, जादब कुंकल, घासीराम कुंकल, खैरा कुंकल, भगवान कुंकल, जुवानी कुंकल, जोंगा चंपिया, जयंती कुंकल, सुकुमारी देवी आदि ग्रामीण महिला पुरुष मौजूद रहे थे.



