
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम वस्त्र एवं जूता व्यवसायी संघ ने अनलॉक 1.0 के दौरान प्रदेश में अन्य व्यापार की भांति वस्त्र एवं जूता व्यवसाय संचालन करने की अनुमति देने की मांग सरकार से की है। बुधवार को संघ ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सरनाडीह में विधायक दीपक बिरुवा को सौंपा। विधायक श्री बिरुवा ने कहा कि संघ की बातों को सरकार तक पहुंचाएंगे। पूरी कोशिश रहेगी कि संघ के हित में पहल की जाएगी। संघ ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वस्त्र एवं जूता व्यवसाय बंद होने से सभी लोग आर्थिक समस्या से जूझ रहे हैं। संघ ने कहा कि बिहार, ओड़िशा, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में यह व्यवसाय चल रहा है। संघ ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि व्यवसायियों को इस आर्थिक समस्या से निजात दिलाएं। प्रतिनिधिमंडल में सुजीत गिरि, राजकुमार ओझा, दिलीप निषाद, कन्हैया गर्ग, समीर खान, आशीष चिरानिया, अमित कुमार, क्रीम खान, प्रवीन मितल, काशिफ इकबाल, पीयूष गुप्ता, राशिद अली एवं एहसान खान शामिल थे।






