
चाईबासा: समाहरणालय सभागार चाईबासा में उपायुक्त अरवा राजकमल की अध्यक्षता में एक बैठक हुई. जिसमें जिले के विकास के लिए टोंटा- रोआम सड़क, सोनुवा- गुदड़ी बरकेला सड़क निर्माण के लिए वन भूमि अधिग्रहण संबंधित आवेदन के प्रगति की समीक्षा की गयी. उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से संबंधित कोई अन्य कागजात या जिला प्रशासन से कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र की आवश्कयता है तो इसे जल्द से जल्द दूर किया जाएगा. साथ ही इन सड़कों के निर्माण के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराया जाएगा. इसकी जानकारी संबंधित विभाग को देने का निर्देश भी दिया है.
उन्होंने कहा कि इन सड़कों से निर्माण होने जाने से आम लोगों को काफी राहत होगी. साथ ही साथ मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत आरईओ विभाग द्वारा बनाए जाने वाली छोटी – छोटी सड़कों के निर्माण में भी वन विभाग के द्वारा जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र संबंधित समीक्षा की गयी. इस दौरान वन प्रमंडल के पदाधिकारियों ने अपेक्षित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. उन्होने बताया कि वन ग्राम विशेषकर नुइयागढ़ा- रागरिंग का विगत दिनों प्रमंडल आयुक्त व पुलिस उपमहानिरीक्षक ने दौरा किया था. इन स्थानों पर सड़क बनाने के लिए वन विभाग की ओर आने वाले अड़चनों को शीघ्र दूर करने की बात कही.
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन इस वन ग्राम तक सड़क बनाने के लिेए प्रयासरत है. यहां पर वन विभाग की भूमि पर से ही रांगरिंग गांव तक रास्ता निकाला गया है एवं इसे आगे नुइयागढ़ा तक जाने के लिए 2-3 किलोमीटर सड़क निर्माण की जरूरत है. इसके लिए संबंधित विभाग के अभियंता को उक्त स्थान पर मिट्टी की जांच करने का निर्देश दिया है. जांच के बाद यहां पर पक्की सड़क बनेगा, उन्होंने बताया कि जितना जल्द वन ग्रामों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए बेसिक सुविधा, जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन के साथ साथ मूलभूत सुविधा व आवश्यक सेवा उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा स्थानीय लोगों को क्या क्या फायदा होगा, इन पर विशेष चर्चा की गयी. इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि वन ग्रामों में रहने वाले लोगो के लिए स्वास्थ्य सुविधा से लेकर शिक्षा, ब्रिज कोर्स की कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने बताया कि इसके साथ ही पिकअप वैन से वन ग्राम क्षेत्र के पढ़ने वाले लड़के- लड़कियों को स्कूल लाने-जाने, बीमार लोगों के लिए एंबुलेंस या बाइक एंबुलेंस की सुविधा प्रदान की जाएगी. इस बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी रजनीश कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, पोड़हाट वन प्रमंडल पदाधिकारी नितेश, जिला भू- अर्जन पदाधिकारी समेत सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मौजूद थे







