रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर: बिजली विभाग झारखंड उर्जा संचारण निगम लिमिटेड के द्वारा पावर ग्रीड 132/33 केवी के चहारदीवारी निर्माण के क्रम में पश्चिम सिंहभूम जिला के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत मनीपुर गांव निवासी दुर्योधन नायक की धर्मपत्नी शांति नायक का 10 डिसमिल जमीन को अधिग्रहित किया गया है. लेकिन अधिग्रहित जमीन के एवज में मुआवजा बिजली विभाग द्वारा नहीं दी गयी है, जिस कारण जमीन मालिक मुआवजा के लिए पांच सालों से भटक रही है. इसी कड़ी में मंगलवार को जमीन मालिक शांति नायक ने एसडीओ को एक पत्र सौंपा है. जिसमें कहा गया है कि हमारा नीज खतियनी जमीन जो मौजा मनोहरपुर, राजस्व थाना नं 90 मनोहरपुर अंतर्गत स्थित खाता नं 90 प्लोट नं 2259 का कुल रकवा 00.40.000 एकड में से मात्र 00.10.000 डिसमिल जमीन को बिजली विभाग झारखंड उर्जा संचारण निगम लिमिटेड के द्वारा पावर ग्रीड 132/33 केवी के चहारदीवारी के क्रम में 10 डिसमिल जमीन को अधिग्रहित किया गया है. विभाग के द्वारा सभी कार्य को पूर्ण कर लिया गया परंतु अब तक भी मुझे मुआवजा प्रदान नहीं की गयी है. उक्त जमीन से मेरा पूरा परिवार जीवन-यापन हेतु कृषि पर आश्रित थे और अधिग्रहित करने के बाद मैं असहाय हो गयी हूं. मेरे जमीन को अधिग्रहित पिछले 5 वर्षों से ही किया गया है पर अब तक भी मुझे सरकारी मुआवजा नहीं दी गयी है, जिससे मेरा परिवार परेशान है.




