
चाईबासा : जगन्नाथपुर प्रखंड अंतर्गत मोंगरा गांव के तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृत्तक की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। पिछले रविवार को वह मोंगरा गांव में घूमते देखा गया था। उसके हाथ में एक फटा हुआ बैग था, जिसमें उसका एक कम्बल, एक गमछा और कुछ बर्तन था। घटना के संबंध मे ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर करीब 03:00 बजे मृतक तालाब में नहाते देखा गया था। वह अपने कपड़े धोकर तलाब की मेढ़ पर सुखा कर वापस तालाब में उतर रहा था। अचानक वह फिसल कर गहरे पानी में चला गया और वहां फंस कर रह गया। तालाब में नहा रहे बच्चे यह देख चिल्लाने लगे। आवाज सुन तालाब के पास ग्रामीणों की भीड़ इकट्टा हो गई। वहीं ग्रामीण मुंडा द्वारा पुलिस को भी सूचना दे दी गई, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पंहुची। वहां मौजूद भीड़ से ही एक युवक ने तलाब में छलांग लगा कर डूबे हुऐ व्यक्ति की काफी देर तक खोजबीन की मगर उसका पता नही चला। वहीं सोमवार की सुबह शौच के लिए तालाब की ओर गये लोगों ने उस अज्ञात व्यक्ति के शव को पानी में तैरता पाया। तत्काल इसकी सूचना लोगो ने ग्रामीण मुंडा तथा जगन्नाथपुर थाने को दी। उसके बाद पुलिस मौके पर पंहुची और शव को निकालने का प्रयास कर रही है।




